post-thumb

खरगोश क्या खाते हैं? (Khargosh kya khata hai?)

खरगोशों को ज्यादा लोग पालतू जानवर के रूप में नहीं रखते हैं। इसलिए, उनके खाने की आदतों के बारे में जनसामान्य में जानकारी बहुत कम है। सिवाय शायद इस तथ्य के कि वे गाजर खाते हैं, जोकि विभिन्न कार्टूनों के माध्यम से अक्सर दर्शाया जाता है।

बचपन में जब मेरे माता-पिता ने हमें खरगोशों की एक जोड़ी दी, तो हमें बिल्कुल नहीं पता था कि उनकी देखभाल कैसे की जाए - न मुझे, न मेरी बहन को, न मेरे दोस्तों को। इसका पता लगाने के लिए हमने काफी शोध किया। और वो 1990 का दशक था तो उस समय इंटरनेट भी नहीं था। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह हमारे लिए कितना कठिन रहा होगा।

पर हम यहां वह सारी जानकारी साझा करेंगे - जो चीजें हमने विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों से सीखी हैं और कुछ जो हमने स्वयं देखी हैं।

Table of Contents
  • हमें अपने पालतू खरगोश को क्या खिलाना चाहिए?
  • खरगोशों के बच्चों को क्या खिलाएं?
  • अपने पालतू खरगोश को क्या नहीं खिलाना चाहिए?
  • खरगोश पानी पीता है या नहीं?

हमें अपने पालतू खरगोश को क्या खिलाना चाहिए?

नहीं, आपका खरगोश पूरे दिन सिर्फ गाजर नहीं खा सकता है! उसे अन्य भोजन प्रदार्थों की भी आवश्यकता होगी।

आपको अपने खरगोश को एक संतुलित आहार प्रदान करना चाहिए, जिसमें विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ शामिल हों। यह सुनिश्चित करेगा कि आपके खरगोश को उसके लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व मिलें।

पालतू जानवर के रूप में कुत्ते, बिल्ली, तोते और खरगोश सब पाल चुकने के बाद, मेरा निष्कर्ष यही है कि हमें खरगोश के आहार के बारे में सबसे अधिक सतर्क रहना पड़ता है, शायद किसी भी और पालतू जानवर की तुलना में। वे आहार के प्रति बहुत संवेदनशील होते हैं और बहुत जल्द बीमार हो जाते हैं और उचित आहार न देने पर बहुत आसानी से मर भी जाते हैं।

हरी घास, पत्तियां और सूखी घास

यह खरगोश का मुख्य भोजन है। उनके भोजन का आधे से अधिक हिस्सा यही होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि खरगोशों को बहुत अधिक फाइबर का सेवन करने की आवश्यकता होती है, अन्यथा उन्हें दस्त होने लगते हैं।

हरी घास और सूखी घास आपके खरगोश को दिन और रात 24/7 उपलब्ध होनी चाहिए। ताकि वे जब चाहें इन्हें चबा सकें। हमने अपने खरगोशों के लिए एक छोटा सा घर बनाया था, और इसे अंदर और बाहर चारों ओर घास से भर दिया था। हमारे खरगोश दिन भर घास चबाते रहना पसंद करते थे।

आप अपने इलाके से हरी घास प्राप्त कर सकते हैं, या इसे ऑनलाइन खरीद सकते हैं। यह बात सूखी घास पर भी लागू होती है। आप इसे स्वयं बना सकते हैं, या इसे ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं।

कुछ अच्छी गुणवत्ता वाली घास हैं - मीडो घास, टिमोथी घास, ऑर्चर्ड घास, बरमूडा घास (meadow grass hay, timothy hay, orchard hay, bermuda hay) आदि। लेकिन फाइबर के हिसाब से और खरगोश के स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से, टिमोथी घास (timothy hay) को सबसे अच्छा माना जाता है, और इसके बाद मीडो घास को। मैं अपने खरगोशों के लिए ताजा टिमोथी घास पसंद करता हूं। यह भी सुनिश्चित करें कि उसमें से अच्छी खुशबू आ रही हो।

नोट

छोटे खरगोशों और गर्भवती खरगोशों के लिए, अल्फाल्फा घास (alfalfa hay) देने की भी सलाह दी जाती है। लेकिन ऐसे मामलों में भी टिमोथी घास (timothy hay) को हर समय उनके पास रखना चाहिए।

उन्हें पत्ते और हरे चने खाना भी पसंद है। लेकिन अपने खरगोश को कोई भी पत्ता खिलाने से पहले उचित शोध कर लें। कुछ पौधों के पत्ते हानिकारक होते हैं और जानवरों के लिए जहरीले भी होते हैं, जैसे की मनी प्लांट के पत्ते। इसलिए, आपको अपने खरगोश को उन पौधों की पत्तियों को चबाने नहीं देना चाहिए जो आपके घर में हैं, या जंगली पौधे की पत्तियों को यदि आप उन्हें उद्यान में ले जाते हैं। पालतू खरगोश इस संबंध में काफी मूर्ख होते हैं, और वे गलत प्रकार की पत्तियों को चबा सकते हैं और बीमार पड़ सकते हैं।

सब्जियां

खरगोश हरी सब्जियां खाना पसंद करते हैं। आप उन्हें पत्ता गोभी, तुलसी, ब्रोकली, धनिया, ककड़ी, खीरा (छिला हुआ), अजमोद (parsley), अरुगुला (arugula), एंडिव (endive) आदि खिला सकते हैं।

आप इन्हें घास और सूखे चारे के साथ मिला सकते हैं, जो आप अपने खरगोश को देते हैं। सुनिश्चित करें कि ये आपके खरगोश के आहार का 10-15% हिस्सा हों| यह सुनिश्चित करेगा कि उन्हें वे सभी खनिज और विटामिन मिल रहे हैं जिनकी उन्हें आवश्यकता है।

फल

आपको उन्हें आम, सेब, पपीता, तरबूज, अनानास (बाहरी कठोर त्वचा को हटाने के बाद), चेरी, नाशपाती, कीवी आदि फल भी खिलाने चाहियें। ये आपके खरगोश के दैनिक आहार का लगभग 5% हिस्सा हो सकते हैं।

चेतावनी

अपने खरगोश को देने से पहले इन फलों के बीज निकाल लें, खासकर सेब के बीज। सेब के बीज खरगोश के लिए अच्छे नहीं होते, क्योंकि वे अक्सर उनके गले में फंस जाते हैं।

ऊपर बताए गए फलों के अलावा, खरगोश मीठे फल खाना बहुत पसंद करते हैं, जैसे की गाजर और केला। आप इन्हें अपने खरगोश को प्रशिक्षित करने के लिए ट्रीट (पुरस्कार) के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन इन्हें ज़्यादा मत दीजियेगा। बहुत अधिक मीठापन, अर्थार्थ बहुत अधिक चीनी खरगोशों के लिए हानिकारक होती है| आप यह सब इन्हें हफ्ते में 2-3 बार खिला सकते हैं। पर उन्हें ये फल रोज़ाना हरगिज़ न दें।

पेलेट्स

आप बाजार से कोई भी अच्छी गुणवत्ता वाले पेलेट्स खरीद सकते हैं, जैसे की टिमोथी पेलेट्स , अल्फाल्फा पेलेट्स (timothy pellets, alfalfa pellets) आदि। इन्हें अपने खरगोश को आवश्यकता से अधिक न खिलाएं। यह उसके कुल भोजन के 5% से अधिक नहीं होना चाहिए।

आप एक वयस्क खरगोश को एक दिन में एक चम्मच पेलेट्स खिला सकते हैं।

नोट

मोटे तौर पर, आपको अपने खरगोश के खाद्य पदार्थों को निम्नलिखित प्रतिशत में वितरित करना चाहिए:

  • हरी और सूखी घास - लगभग 80%
  • सब्जियां और फल - लगभग 10-15%
  • पेलेट्स - लगभग 5%।

खरगोशों के बच्चों को क्या खिलाएं? (Khargosh ke bacche ko kya khilayein?)

2 महीने से कम उम्र के खरगोश माँ के दूध पर बहुत अधिक निर्भर करते हैं। इसलिए, बहुत छोटे खरगोशों को खरीदने या अपनाने से बचें। वे कोई भी ठोस खाद्य प्रदार्थ नहीं खा पाएंगे जो आप उन्हें देते हैं, और जल्द ही मर भी सकते हैं।

लेकिन मान लीजिए कि आपके पास एक छोटा खरगोश का बच्चा है, शायद इसलिए कि आपने उसको कहीं से बचाया या उसकी मां की मृत्यु हो गई| अगर ऐसा है, तो सुनिश्चित करें कि आप उसे बकरी का दूध पिलाएं (गाय या भैंस का दूध नहीं)। खरगोश वसायुक्त खाद्य पदार्थों को अच्छे से पचा नहीं सकते हैं, और गाय/भैंस के दूध में बहुत अधिक वसा होती है।

आप उनके लिए किटन मिल्क रिप्लेसमेंट (KMR) दूध भी खरीद सकते हैं। यह ऑनलाइन भी उपलब्ध है।

एक बार जब वे 2 महीने से बड़े हो जाते हैं, तो आप उन्हें घास, पत्ते, पेलेट्स आदि भी खिलाना शुरू कर सकते हैं।

हम छोटे खरगोशों को सब्जियां और फल देने से बचते हैं। ये उन्हें कम से कम 3-4 महीने के हो जाने पर दिए जाने चाहियें। तब तक उन्हें दूध, घास, पत्ते, और पेलेट्स ही खिलाएं।

जब हम उन्हें सब्जियां और फल देना शुरू करें, तब भी इसे धीरे-धीरे करें। उन्हें कोई नई सब्जी या फल दें, और फिर उनके मल की निगरानी करें। यदि आपको कुछ भी असामान्य लगे, तो उन्हें वह सब्जी/फल देना बंद कर दें।

अपने पालतू खरगोश को क्या नहीं खिलाना चाहिए? (Khargosh ko kya nahi khilayein?)

यह भी जानना आवश्यक है कि आपको खरगोश को क्या नहीं खिलाना है। आपको निम्नलिखित में से कोई भी खाद्य पदार्थ उन्हें नहीं देना चाहिए:

  • चावल - खरगोश को पका या कच्चा चावल नहीं खिलाना चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि चावल में कम फाइबर और कम पोषण तत्त्व होते हैं। इसकी वजह से उन्हें पेट दर्द और दस्त हो सकते हैं।
चेतावनी

यदि खरगोश को दस्त हो जाते हैं, तो यह जानलेवा भी हो सकता है।

  • चीनी
  • सेब के बीज - आप अपने खरगोश को सेब खिला सकते हैं, लेकिन सेब के बीज नहीं, क्योंकि वे अक्सर उनके गले में फंस जाते हैं।
  • मकई - खरगोश मकई को पचा नहीं सकते।
  • फूलगोभी - फूलगोभी अक्सर खरगोशों का पेट फूलाती है और उन्हें पेट दर्द कर सकती है।
  • मटर - मटर में शुगर और फॉस्फोरस का उच्च स्तर होता है, जो खरगोश के लिए अच्छा नहीं होता है।
  • एवोकैडो फल (Avocado) - यह फल आपके सफेद खरगोश के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। उन्हें यह कभी न खिलाएं। इसमें वसा की उच्च मात्रा होती है, और यह खरगोश के लिए सख्त मना है।
  • प्याज, टमाटर, आलू, मिर्च।
  • कॉफी, चाय, मक्खन, दूध, दही, दही आदि - वसायुक्त खाद्य पदार्थ खरगोश के लिए सख्त मना हैं।
  • फास्ट फूड, जंक फूड या बेक्ड चीजें जैसे ब्रेड, चपाती, पास्ता, कुकीज, चॉकलेट, आइसक्रीम, चिप्स आदि। इनमें से कुछ को पचाना मुश्किल होगा, या वो उनके गले में फंस सकती हैं। इनमें से कुछ में शर्करा/चीनी का उच्च स्तर हो सकता है।
  • मांस और अंडे - खरगोश शाकाहारी होते हैं, इसलिए कृपया उन्हें मांस न खिलाएं। यह अच्छा विचार कतई नहीं होगा। उन्हें बस पौधे आधारित आहार की जरूरत है। अगर वे मांस खाते भी हैं, तो वे इसे पचा नहीं पाएंगे। इससे उनके पेट में गैस ही भरेगी, और उनका पेट फूला-फूला सा दिखाई देगा।

सामान्य तौर पर, किसी भी मानव भोजन (जैसे चावल, रोटी आदि), और चीनी और वसा वाले खाद्य पदार्थों को उन्हें देने से बचें।

खरगोश पानी पीता है या नहीं? (Kya khargosh paani peete hein?)

बिल्कुल हाँ!

कुछ लोगों को यह गलतफहमी होती है कि खरगोश पानी नहीं पीते हैं, या ज्यादा पानी नहीं पीते हैं। यह बिल्कुल गलत है!

उन्हें हर दिन लगभग 600-700 मिली पानी की जरूरत होती है, लगभग एक छोटी नस्ल के कुत्ते के बराबर। इसलिए, सुनिश्चित करें कि आप उनका पानी का कटोरा भर कर रखें। गर्मी के दिनों में आप उनकी कटोरी में थोड़ा सा ठंडा पानी भी मिला सकते हैं|

लेकिन वे अक्सर अपनी उछल-कूद में पानी का कटोरा गिरा देते हैं। अतः, एक भारी प्रकार का पानी का कटोरा लें, जैसे आप किसी बड़े कुत्ते के लिए लेते हैं। कटोरा भारी होगा तो आराम से पलटेगा नहीं|

Share on:
comments powered by Disqus