post-thumb

तोते को काटने से रोकने के लिए कैसे प्रशिक्षित करें? (Tote ko kaatne se kaise rokein?)

क्या आपको तोते ने कभी काटा है?

यह वास्तव में काफी चोट पहुँचा सकता है।

तोते, कुत्तों की तुलना में अधिक मनमौजी होते हैं और उन्हें अपने मालिकों के साथ भावनात्मक बंधन बनाने में भी समय लगता है। अतः, पिल्लों की तुलना में, तोतों के द्वारा काटे जाने की सम्भावना ज्यादा रहती है।

अगर आपके घर में छोटे बच्चे हैं तो यह एक गंभीर सुरक्षा समस्या हो सकती है। इसलिए, यह नितांत आवश्यक है कि आपका तोता लोगों को काटने की अपनी आदत से छुटकारा पा ले।

लेकिन इससे पहले कि हम सीखें कि हम अपने तोते को काटना बंद करने के लिए कैसे प्रशिक्षित कर सकते हैं, आइए यह जानें की तोते इतना काटते क्यों हैं।

इस लेख में हम जानेंगे - How to train parrot to stop biting?, in Hindi

Table of Contents
  • तोते क्यों काटते हैं?
  • अपने तोते को काटने से रोकने के लिए कैसे प्रशिक्षित करें?
  • तोते के काटने से खुद को कैसे बचाएं?

तोते क्यों काटते हैं? (Tote kyun kaatte hein?)

एक बार तोते के काटने की आदत के कारणों को जान लेने के बाद, हमारे लिए उनके इस व्यवहार को बदलना आसान हो जाएगा। यहां कुछ संभावित कारणों की सूची दी गई है:

  • कुत्तों और घोड़ों के विपरीत, मनुष्यों ने तोतों को बड़े पैमाने पर पालतू बनाना बहुत बाद में शुरू किया है। अतः, तोतों का जंगली पक्ष बार-बार खुद को प्रस्तुत करता है। यह जंगली तोते की नस्लों के लिए विशेष रूप से सच है, लेकिन कुछ हद तक पालतू तोते की नस्लों के लिए भी।

  • तोते अपनी चोंच का उपयोग विभिन्न प्रयोजनों के लिए करते हैं, जैसे की तीसरे पैर के रूप में कहीं ऊपर चढ़ने में मदद करने के लिए, अपने पर्यावरण का पता लगाने या दूसरों के साथ संवाद करने में मदद करने के लिए। तोते दूसरे तोतों को तभी काटते हैं जब वे लड़ रहे हों, या जब वे अपने बच्चों या घोंसले की रक्षा कर रहे हों। कैद में, तोते आपको काट सकते हैं यदि वह भयभीत हैं। अगर तोता पिंजरे में है, और आप उसे कुछ करने के लिए मजबूर कर रहे हैं या उसे बहुत ज्यादा परेशान कर रहे हैं, तो वह आपको काट सकता है। शायद इसलिए कि, आपको रोकने के लिए उनके पास यही एकमात्र विकल्प उपलब्ध है। वह पिंजरे से उड़ तो सकता नहीं। इसलिए, जब आप उनके साथ खेल रहे हों, तो उनके मूड को पढ़ने की कोशिश करें।

  • शुरुआती कुछ दिनों में तोता जिज्ञासावश आपकी उंगली काट सकता है। बस यह पता लगाने के लिए कि वह क्या है।

  • तोते आपको अपने क्षेत्र, भोजन, साथी और अपनी चीजों की रक्षा के लिए भी काट सकते हैं, जैसे की खिलौने आदि। कुत्तों की तरह, वे उन लोगों का बचाव करने की कोशिश करते हैं जिन्हें वे जानते हैं और अपने मालिकों की रक्षा के लिए दूसरों पर हमला कर सकते हैं।

  • यदि आप अपने हाथों का उपयोग अपने पक्षी को दंडित करने के लिए कर रहे हैं, तो वह आपके हाथों को दुश्मन के रूप में देखना शुरू कर सकता है, और अपनी रक्षा हेतु आपको काट सकता है। इसलिए, सुनिश्चित करें कि कहीं आप अनजाने में अपने तोते को काटने का प्रशिक्षण तो नहीं दे रहे हैं। अगर तोता यह बात सीख गया कि आपको रोकने के लिए उसे काटने की जरूरत है, तो वह भविष्य में भी उस व्यवहार को दोहराएगा।

  • खराब स्थिति में रहने वाला, या कम देखभाल पाने वाला तोता चिड़चिड़ा हो सकता है और अधिक काटने लग सकता है। यह विशेष रूप से सच है, यदि आप किसी ऐसे तोते को अपना रहे हैं जिसको पिछले मालिकों द्वारा प्रताड़ित किया गया है। मेरे पास एक बार ऐसा ही एक तोता था। उसे काटने से रोकने के लिए मुझे कई महीनों का प्रशिक्षण देना पड़ा और लगातार प्यार और स्नेह से उसका विश्वास जीतने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी।

  • सुनिश्चित करें कि आपके तोते को पर्याप्त मानसिक सिमुलेशन, और खेलने का समय मिल रहा है। तोते सक्रिय प्राणी हैं। यदि उन्हें खिलौनों और अन्य मानसिक सिमुलेशन विधियों के जरिये सक्रिय नहीं रखा जाता है, तो वे अपनी अंतर्निहित निर्मित ऊर्जा को मुक्त करने के लिए आपको काट सकते हैं। संक्षेप में, अपने तोते को काटने, इधर-उधर फेंकने और चीर-फाड़ करने के लिए विभिन्न चीजें दें। तब वह शायद आपको ना काटे।

  • अस्वच्छ और शोरगुल वाले इलाके में रहने से आपका तोता परेशान हो सकता है, और वह आपको काटकर उस तनाव को दूर करने का प्रयास कर सकता है। इसलिए, सुनिश्चित करें कि उनके पर्यावरण में कोई प्रदूषण नहीं है, उनका पिंजरा साफ है और उन्हें पर्याप्त नींद मिल रही है।

  • कभी-कभी, तोते काट सकते हैं यदि उन्हें बहुत लंबे समय तक कैद में रखा जाता है, या सिर्फ इसलिए कि वे बीमार हैं। इसलिए, यदि आप अपने तोते को अचानक से काटना शुरू करते हुए देखते हैं, तो उनके स्वास्थ्य और परिवेश पर भी नज़र डालें।

अपने तोते को काटने से रोकने के लिए कैसे प्रशिक्षित करें? (Tote ko katna rokne ke liye prasikshan)

अब, देखते हैं कि हम आपके तोते को इंसानों को काटने से रोकने के लिए क्या कर सकते हैं।

भावनात्मक बंधन बनाएं

यह किसी भी पशु प्रशिक्षण का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है। यदि आप अपने तोते के साथ एक गहरा भावनात्मक बंधन बना सकते हैं, तो बाकी सब काम आसान हो जायेगा। समझो आपने आधी लड़ाई जीत ली।

पशु और पक्षी देखभाल और प्रेम की सार्वभौमिक भाषा समझते हैं। यदि आप उनसे प्यार करते हैं, और उनकी उचित देखभाल करते हैं, जैसे की उन्हें अच्छा खाना, खेलने के खिलौने, बड़ा पिंजरा आदि देना, तो आपके तोते कम आक्रामक हो जाएंगे। वे असुरक्षित महसूस नहीं करेंगे।

सुनिश्चित करें कि वे आप पर भरोसा करना शुरू कर दें। यह तभी हो सकता है जब आप उन्हें अपने साथी, अपने मित्र के रूप में देखें। उन्हें अपने बराबर समझें। उन्हें वो करने दें जो वो करना चाहते हैं, इधर-उधर फुदकने दें। कुछ समय पश्चात्, वे स्वयं आपके पास आएंगे।

ध्यान दें कि हर तोता अलग होता है। आपको अपने तोते के व्यक्तित्व, उसकी आदतों आदि को समझने की कोशिश करनी चाहिए। ऐसे काम करने से बचें जो उन्हें असहज करते हों।

सुनिश्चित करें कि आप हर दिन अपने पक्षी के साथ कुछ समय बिताएं। साथ ही आपको धैर्य रखने की जरूरत है। तोते विश्वास और बंधन बनाने में समय लेते हैं। इस मामले में वे बिल्लियों की तरह हैं। कुत्तों के विपरीत जो एक या दो दिन में आपके दोस्त बन सकते हैं, बिल्लियाँ और तोते इस काम के लिए काफी समय लेते हैं। आपको उनका विश्वास अर्जित करने के लिए थोड़ी मेहनत करनी होगी।

उन्हें मानवीय स्पर्श की आदत डालें

सुनिश्चित करें कि आप अपने तोते को सहलाते हैं और उसे नियमित रूप से अपने हाथों में लेते हैं। अगर आपके तोते को आपके स्पर्श की आदत नहीं है, तो अचानक से एक दिन उसे पकड़ने की कोशिश करने पर वह आपको काट भी सकता है।

नोट

यदि आप नियमित रूप से अपने पक्षी को सहला रहे हैं, थपथपा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आप उसे संपर्क आराम (contact comfort) दे रहे हैं। इसके अलावा, अगर आप उसे हाथ से खिलाते भी हैं, तो वह बहुत जल्द आपका दोस्त बन जायेगा|

अपने पक्षी को असहज न करें

यदि आप ऐसा कुछ करते हैं जिससे आपका पक्षी असहज या भयभीत हो जाता है, तो वह आपको काट सकता है। इसलिए, अपने पक्षी को ऐसा कुछ भी करने के लिए मजबूर न करें जो उसे पसंद न हो। संक्षेप में, उसे परेशान न करें।

कुछ लोग अपने पालतू जानवरों पर हावी होना चाहते हैं। यदि उनका पालतू जानवर या पक्षी हर समय उनके आदेशों का पालन करता है, तो वे शायद अधिक शक्तिशाली महसूस करते हैं। यह बहुत बुरा रवैया है। ऐसे तो आप केवल अपने तोते को परेशान करेंगे, और हो सकता है कि उसके अंदर कुछ दीर्घकालिक मनोवैज्ञानिक समस्याएं पैदा हो जाएं।

आपका पालतू तोता, आपके बच्चे की तरह होता है। उसे खेलने दें और विकसित होने दें। उसे गलतियाँ करने दें, और मूर्खतापूर्ण कार्य भी। आप बेशक उसे प्रशिक्षण दे सकते हैं, लेकिन जबरदस्ती नहीं। निश्चित रूप से उसकी खुशी और भलाई की कीमत पर नहीं।

कंप्यूटर की दुनिया में एक कहावत है, “गारबेज इन गारबेज आउट (GIGO)"। यह बात इंसानों और जानवरों पर भी लागू होती है। यदि आप किसी को बहुत परेशान करके उसे गुस्से से भर देते हैं, तो आपको किसी न किसी दिन उसके प्रकोप का सामना करना पड़ सकता है।

सकारात्मक सुदृढीकरण (Positive Reinforcement) का प्रयोग करें

मनोविज्ञान में, हमारे पास दो अवधारणाएँ होती हैं - सकारात्मक और नकारात्मक सुदृढीकरण (Positive and Negative Reinforcement) । सकारात्मक सुदृढीकरण वह इनाम है जो हम किसी को उनके अनुकूल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए देते हैं। नकारात्मक सुदृढीकरण वह दंड है जो हम किसी को उनके प्रतिकूल व्यवहार को हतोत्साहित करने के लिए देते हैं।

सकारात्मक सुदृढीकरण देने के कई तरीके हो सकते हैं, जैसे की पालतू जानवर की पीठ थपथपाना, चुंबन करना आदि, या कुछ अच्छा खाना, खिलौने आदि देना| नकारात्मक सुदृढीकरण में हम पिटाई, डांट आदि जैसे तरीकों का इस्तेमाल करते हैं|

अपने तोते को प्रशिक्षण देते समय, सकारात्मक सुदृढीकरण का उपयोग करें न कि नकारात्मक सुदृढीकरण का। काटना एक आक्रामक व्यवहार है। हिंसक प्रशिक्षण विधियों का उपयोग करके आप इसे रोक नहीं सकते। इसे केवल करुणा, प्रेम और विश्वास से ही बदला जा सकता है।

यदि आप अपने पक्षी को कुछ करने के लिए कहते हैं, लेकिन वह नहीं करता है, तो उसे दंडित न करें। लेकिन अगर वो आपके मनमाफ़िक व्यवहार करता है, तो उसे इनाम दें। उसे अपने हाथों में पकड़ें, या अच्छा खाना दें; जो भी चीज़ आपके तोते को पसंद हो (आपको पता होना चाहिए कि आपका तोता वास्तव में क्या ज्यादा पसंद करता है)।

नोट

यदि आप अपने पक्षी को किसी दुर्लभ अवसर पर दंडित करना चाहते हैं, तो यह बहुत ही सौम्य होना चाहिए।

मान लीजिये की आपके पक्षी ने आपको काट लिया है। फिर यह दिखाने के लिए कि आपको यह पसंद नहीं है, आप उसे कुछ समय के लिए पिंजरे के अंदर रख सकते हैं (इसे टाइम-आउट विधि कहा जाता है)। आपका पक्षी समझ जाएगा कि उसने कुछ बुरा किया है।

या आप कुछ समय के लिए उसके साथ खेलना बंद कर सकते हैं। मान लीजिए कि आप अपने तोते के साथ खेल रहे हैं और यह आपको काटता है। ऐसा होने पर आपको थोड़ा चिल्लाना चाहिए, अपने पक्षी को यह बताने के लिए कि उसने आपको चोट पहुंचाई है (चिल्लाने से मेरा मतलब अपने तोते को डांटना नहीं है। किसी पक्षी की तरह चिल्लाइये जब वे गलती से एक दूसरे को काट लेते हैं)। फिर उन्हें नीचे रख दें और उनके साथ खेलना बंद कर दें। वह समझ जाएगा कि उसने गलती की है। लेकिन यह तरीका तभी काम करेगा अगर आपका पक्षी आपको पसंद करता है।

एक बात ध्यान में रखें। सकारात्मक सुदृढीकरण अधिक प्रभावी होता है, यदि आपके तोते द्वारा अनुकूल कार्य किए जाने के तुरंत बाद दिया जाए। तोते होशियार प्राणी होते हैं। वे जल्द ही अपने उचित व्यवहार करने और इनाम पाने के बीच के संबंध को समझ जाएंगे। इसे मनोविज्ञान में “कंडीशनिंग” कहा जाता है।

आप अपने तोते को कुछ करने का लालच भी दे सकते हैं। यह उससे कुछ जबरदस्ती करवाने या डाँटने से बेहतर होगा।

उदाहरण के लिए, यदि आप चाहते हैं कि आपका तोता पिंजरे में वापस चला जाए, तो उसे अंदर धकेलने के बजाय, आप उसके पिंजरे के अंदर कुछ स्वादिष्ट ट्रीट डाल सकते हैं। तोता खुद पिंजरे के अंदर चला जाएगा।

तोते के काटने से खुद को कैसे बचाएं? (Tote ke kaatne se suraksha)

जब तक आप अपने तोते को अच्छे से प्रशिक्षित नहीं कर देते हैं, तब तक हमेशा उसके द्वारा काटे जाने का जोखिम तो रहेगा ही, खासकर पहले कुछ महीनों में। इसलिए, किसी भी चोट से बचने के लिए खुद को सुरक्षित रखना एक अच्छा विचार है।

  • आपको पता होना चाहिए कि कब तोते के आपको काटने की संभावना अधिक है। तोते तब अधिक काटते हैं जब वे नए होते हैं, नए वातावरण में रखे जाते हैं, हार्मोनल होते हैं (जैसे प्रजनन के मौसम के दौरान) और अक्सर गर्म महीनों के दौरान भी।

  • अपने तोते की बॉडी लैंग्वेज पढ़ना सीखें। यदि आप अपने तोते को अच्छी तरह से जानते हैं, तो आपको पता चल जाएगा कि वह चिढ़ गया है, या आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहा है, और काट सकता है। संकेतों को पहचानना सीखें, जैसे की - जब आप उसे छूने की कोशिश करते हैं तो वह आपसे दूर भागने लगता है, अपनी चोंच खोलता है, उसकी शारीरिक मुद्रा में कसाव आ जाता है और वह अपने पंखों को शरीर के करीब चिपका लेता है, उसकी आँखें चौड़ी हो जाती हैं आदि। हालांकि इनमें से कई संकेत बहुत सूक्ष्म हो सकते हैं, और यदि आप बहुत चौकस नहीं हैं तो आप उन्हें पहचानने में चूक कर सकते हैं।

  • आप दस्ताने पहन सकते हैं। मैं ऐसा तब करता हूं जब में कोई नया तोता लाता हूँ, खासकर अगर वह उम्र में थोड़ा बड़ा हो। हालांकि, समय के साथ सुनिश्चित करें कि आपके तोते को आपके नंगे हाथ की भी आदत हो जाए। आख़िरकार आप हमेशा तो दस्ताने नहीं पहन सकते|

तो ये थे वो तरीके जो आपके तोते को इंसानों को काटने से रोकेंगे। इनका उपयोग करें, और हमें बताएं कि क्या आप अपने तोते को प्रशिक्षित करने में सफल रहे।

याद रखें, तोते आपको अक्सर तभी काटेंगे जब उनके पास कोई और विकल्प न बचे। उनके सच्चे दोस्त बनें और उनकी स्वतंत्रता और इच्छा का सम्मान करें - संभवतः वे आपको फिर कभी नहीं काटेंगे।

Share on:
comments powered by Disqus