post-thumb

बिल्ली को फर्नीचर खरोंचने से कैसे रोकें? (Billi ko kharochne se kaise rokein?)

कुत्ते चीजों को चबाते हैं, और बिल्लियाँ चीजों को खरोंचती हैं। यह उनका स्वभाव है। हम में से अधिकांश इसे बिल्ली पालने के पहले से ही जानते हैं। परन्तु, जब वास्तविकता से हमारा सामना होता है, तो हम अचरज करते हैं।

जब हमारी पसंदीदा और महंगी चीजें नष्ट हो जाती हैं, तो हम अपने बाल नोंचने लगते हैं, और इस समस्या का हल ढूंढने की कोशिश करते हैं।

सौभाग्य से, इस सामान्य समस्या के बहुत सारे हल उपलब्ध हैं। यही हम इस लेख में सीखने जा रहे हैं। लेकिन ऐसा करने से पहले, आइए एक बिल्ली के नजरिए से इस समस्या को समझते हैं। आखिर बिल्लियों को खरोंचने की ज़रूरत क्यों होती है?

Table of Contents
  • बिल्लियाँ चीजों को खरोंचती क्यों हैं?
  • बिल्ली के खरोंचने से होने वाले नुकसान को कम कैसे करें?
  • क्या सभी बिल्लियाँ फर्नीचर खरोंचती हैं?

बिल्लियाँ चीजों को खरोंचती क्यों हैं?

बिल्लियों में खरोंचने का व्यवहार एक आवश्यकता है। यह कोई वैकल्पिक व्यवहार या व्यवहारिक असामान्यता नहीं है। वे निम्नलिखित कारणों से ऐसा करती हैं:

  • यह उन्हें ऊपरी शरीर में ताकत हासिल करने में मदद करता है। तो, यह उनके लिए एक तरह का व्यायाम है। कल्पना कीजिए कि एक मुक्केबाज पंच बैग पर मुक्का मार रहा है! ठीक वैसे ही|
  • बिल्लियाँ अपने पंजों को चमकाने के लिए ऐसा करती हैं।
  • बिल्लियाँ प्रादेशिक होती हैं (जैसे शेर, बाघ, आदि)। और इस तरह वे अपने क्षेत्र को चिह्नित करती हैं।
  • पालतू बिल्लियाँ ज्यादातर उन चीजों को खरोंचती हैं जिनमें आपकी गंध होती है, जैसे आपका सोफा और आपका बिस्तर। वे उन जगहों पर अपनी खुशबू जोड़ना पसंद करती हैं जहाँ आप अपना अधिकांश समय बिताते हैं।
  • बिल्लियाँ चंचल प्राणी हैं। इसलिए, कई बार वे ऐसा सिर्फ मनोरंजन के लिए करती हैं। यह कारण काफी है, है ना?
नोट

कई जानवर किसी निश्चित प्रकार के व्यवहार को बार-बार दोहराते हैं, विशेष रूप से बड़े होने के दौरान| जैसे की, बिल्लियाँ खरोंचती हैं, कुत्ते चबाते हैं, चूहे काटते हैं, आदि।

बिल्ली के खरोंचने से होने वाले नुकसान को कम कैसे करें?

खैर, आप बिल्ली को चीजों को खरोंचने से पूरी तरह से नहीं रोक सकते। लेकिन हम निम्नलिखित कार्य कर सकते हैं:

  • बिल्लियों में खरोंचने की प्रवर्ति को थोड़ा-बहुत कम करें। यह प्रशिक्षण से कुछ हद तक हासिल किया जा सकता है|
  • उन्हें सिखाएं कि कहां खरोंचना है, और कहां नहीं खरोंचना है। यदि आप उन्हें बता रहे हैं कि कहां नहीं खरोंचना है, तो आपको यह भी बताना होगा कि कहां खरोंचना है।
  • खरोंच से बिल्लियों द्वारा किए गए नुकसान को कम करें।

बिल्ली के नाखून ट्रिम करें

हम बिल्ली के नाखूनों को छोटा कर सकते हैं, और इस तरह उनके खरोंचने के हथियारों को कुंद कर सकते हैं। यह कैट नेल ट्रिमर (Cat Nail Trimmer), या हमारे द्वारा उपयोग किए जाने वाले ट्रिमर का उपयोग करके किया जा सकता है। ऐसा हर महीने या दो महीने में एक बार करें।

लेकिन सावधान रहें कि उन्हें चोट न पहुंचे। बस नाखून का नुकीला सिरा काट दें। उस जगह के पास जाने की जरूरत नहीं है, जहां लाल रंग नाखून के सफेद हिस्से से मिलता है।

यदि आप अक्सर अपनी बिल्ली के साथ खेलते हैं, और वह आपके स्पर्श से बहुत सहज है और आप पर भरोसा करती है, तो ऐसा करते समय वह बहुत नखरे नहीं करेगी। फिर भी, ऐसा करना तब अच्छा रहेगा जब वे आलस में कहीं आराम से पड़ी हों।

यदि आप उनके सभी नाखून एक बार में काट नहीं सकते हैं, तो कोई बात नहीं। इसे कई बार में, थोड़ा-थोड़ा करके करें, एक बार में 2-3 नाखून काट लें।

यदि आप इसे करने में सहज नहीं हैं, तो आप इस कार्य को बिल्ली की देखभाल करने वाले किसी विशेषज्ञ या अपने पशु चिकित्सक को सौंप सकते हैं।

पंजे काटना (Declawing) - एक बर्बर प्रथा

बिल्ली के पंजे काटना (Declawing) एक क्रूर, दर्दनाक, बर्बर प्रथा है। इसमें हड्डियों को हटाना शामिल होता है, और इससे बहुत अधिक रक्त की हानि हो सकती है, और यहां तक कि संक्रमण आदि भी हो सकता है। हम इसे दृढ़ता से हतोत्साहित करते हैं।

इसके अलावा, अन्य कई तरीके हैं जो बेहतरीन परिणाम देते हैं। खरोंचना एक व्यवहारिक समस्या है, और इसका इलाज उसी तरह किया जाना चाहिए। पंजे काटने से आपकी बिल्ली में क्रोध और अन्य भावनात्मक मुद्दों की शुरुआत हो सकती है।

यदि यह बहुत आवश्यक है कि आपकी बिल्ली बिल्कुल न खरोंचे, जैसे कि यदि आपके परिवार में किसी को ऑटो-इम्यून बीमारी हो, या छोटे बच्चों के आने के कारण, तो आप “सॉफ्ट पॉज़ (Soft Paws)” जैसे विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं| यह बिल्लियों के नाखूनों को ढकने वाली टोपी जैसी होती हैं। हालांकि, जैसे-जैसे नाखून बढ़ते हैं, यह एक-दो महीने में खुद निकल भी जाती हैं। फिर आपको उनके नाखूनों को काटना होगा, और इन Soft Paws को फिर से लगाना होगा। पर, इस विकल्प का उपयोग केवल अंतिम उपाय के रूप में करें। आपकी बिल्लियों को यह पसंद नहीं आएगा।

स्क्रैचिंग विकल्प प्रदान करें

बिल्लियों के खरोंचने वाले व्यवहार को पूरी तरह से रोकना कुछ ज्यादा ही महत्वाकांक्षी लक्ष्य होगा। परन्तु, हम उनके व्यवहार को थोड़ा बदल जरूर सकते हैं।

यदि आप चाहते हैं कि वे आपके फर्नीचर और बिस्तर को खरोंचना बंद कर दें, तो उन्हें ऐसे विकल्प प्रदान करें जहाँ खरोंचना ठीक हो। अतः, आप उन्हें स्क्रैचिंग पैड, पोस्ट और लाउंज (scratching pads, posts, and lounge) जैसी चीज़ें प्रदान कर सकते हैं। वे विभिन्न आकृतियों और आकारों में आते हैं। आपकी बिल्ली को कौनसा ज्यादा पसंद है, इस पर आपको थोड़ा शोध करना पड़ सकता है।

उन्हें उपयुक्त स्थानों और चीजों को खरोंचने के लिए प्रशिक्षित करें। उनके पंजों को पकड़ें और धीरे-धीरे उन्हें दिखाएं कि वे कहां खरोंच सकते हैं। इसे सावधानी से करें, ताकि अनजाने में उन्हें चोट न पहुंचे।

जब भी वे सही प्रकार का व्यवहार प्रदर्शित करें, तो उन्हें सकारात्मक सुदृढीकरण (positive reinforcement) प्रदान करना न भूलें, जैसे की उन्हें थपथपाएं, प्यार से सहलाएं, उन्हें उनकी पसंद की चीज़ें खाने को दें, आदि।

नोट

स्क्रैचिंग पोस्ट में निम्न खूबियां होनी चाहियें:

  • पर्याप्त स्थिरता, ताकि जब कोई बिल्ली खड़ी हो और उसे खरोंचने की कोशिश करे, तो वह डगमगाए या गिरे नहीं। यदि ऐसा होता है, तो आपकी बिल्ली शायद उसका इस्तेमाल नहीं करेगी।

  • वह एक ऐसी सामग्री से ढका हुआ होना चाहिए, जिसे आपकी बिल्ली खरोंचना पसंद करती है। आपको यह पता लगाना होगा कि आपकी बिल्ली क्या पसंद करती है - कार्डबोर्ड, रस्सी, कालीन, या लकड़ी (Corrugated Cardboard, or Sisal Rope, or Carpeting, or Natural Wood)।

  • वह आसानी से सुलभ होना चाहिए, जहां भी आपकी बिल्ली चीज़ों को खरोंचती है। आप अपने घर के विभिन्न कमरों में कई स्क्रैचिंग पोस्ट लगा सकते हैं। आखिरकार, बिल्लियाँ एक कमरे से दूसरे कमरे में बहुत घूमती ही रहती हैं। उदाहरण के लिए, आप एक स्क्रैचिंग पोस्ट को उनके लिटर बॉक्स (litter box) के पास रख सकते हैं। कुछ बिल्लियाँ लिटर बॉक्स (litter box) का उपयोग करने के बाद खुद को साफ करना पसंद करती हैं।

बाजार में कुछ बिल्ली के पेड़ (Cat Trees) भी उपलब्ध हैं, जो न केवल आपकी बिल्लियों को खरोंचने के लिए एक अच्छी जगह प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें सक्रिय और चंचल भी रखते हैं। यदि आपकी बिल्ली Cat Tree से परहेज कर रही है, तो उसपर कुछ खिलौने रखने की कोशिश करें, या फिर Cat Tree पर कुछ खाद्य पदार्थ डालकर देखें। आप उसमें एक रस्सी भी लगा सकते हैं। बिल्लियाँ रस्सियों पर लटकना पसंद करती हैं।

फर्नीचर सुरक्षात्मक चीज़ों का प्रयोग करें

बाजार में कई तरह के फर्नीचर प्रोटेक्टिव गियर (furniture protective gears) उपलब्ध हैं। हम कुछ को यहाँ सूचीबद्ध करेंगे, जो बिल्ली के खरोंचने के व्यवहार के खिलाफ काफी प्रभावी हैं।

चिपचिपे पंजे (Sticky Paws)

Sticky Paws एक प्रकार के दो तरफा टेप होते हैं। आप फर्नीचर के जिस हिस्से को बचाना चाहते हैं, उसे Sticky Paws से ढक सकते हैं। यह आपके फर्नीचर को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। लेकिन जब कोई बिल्ली उसे खरोंचेगी, तो वह उसके पंजों से चिपक जायेगा। मेरा विश्वास करिये, बिल्लियों को अपने पंजे पर चिपकने वाली चीजें पसंद नहीं आती हैं!

लेकिन सुनिश्चित करें, कि पास में कोई स्क्रैचिंग पोस्ट भी हो, ताकि वे उसे खरोंच सकें। यदि आप सब कुछ Sticky Paws से ढक देंगे, और उन्हें कोई विकल्प नहीं देंगे, तो वे अपने आप कोई अन्य विकल्प खोज लेंगी।

विनाइल कार्पेट रनर (Vinyl Carpet Runner)

विनाइल कार्पेट रनर (Vinyl Carpet Runner) कांटेदार महसूस होता है, और बिल्लियाँ आमतौर पर इन पर चलना पसंद नहीं करती हैं। अतः, आप इस विकल्प का उपयोग करके अपने कालीनों और चादरों की सुरक्षा कर सकते हैं।

क्या सभी बिल्लियाँ फर्नीचर खरोंचती हैं?

हां, लगभग सभी बिल्लियां फर्नीचर, पलंग आदि चीजों को खरोंचती हैं। यह एक छोटा सा जवाब है, लेकिन यही सच है।

अतः, अगर आप किसी मायावी बिल्ली की खोज कर रहे हैं, जो बिलकुल न खरोंचती हो, तो कृपा करके अपनी उस खोज पर विराम लगा दें। परन्तु, अगर किसी चमत्कारवश आपको कोई ऐसी बिल्ली मिल जाए, तो हमें नीचे टिप्पणी अनुभाग में जरूर सूचित करें।

Share on:
comments powered by Disqus