post-thumb

बिल्लियाँ अपने बाल क्यों निगलती हैं और उसके उपाय?

अगर आपके पास बिल्ली है, तो आपने उन्हें बालों की उल्टी करते हुए देखा होगा। हम अन्य पालतू जानवरों को बालों की उल्टी करते नहीं देखते हैं। बिल्लियाँ ऐसा क्यों करती हैं?

आइए, इस हैरान करने वाली घटना के पीछे के कारण का पता लगाएं और इस विषय से जुड़े कुछ अन्य सवालों के जवाब खोजें।

Table of Contents
  • बिल्लियाँ अपने बाल क्यों खाती हैं?
  • क्या बाल खाने से बिल्लियों को नुकसान हो सकता है?
  • बिल्लियों की बालों की उलटी रोकने के उपाय

बिल्लियाँ अपने बाल क्यों खाती हैं?

बिल्लियाँ जानबूझकर अपने बालों को खाती या निगलती नहीं हैं। बिल्लियाँ अपनी स्वच्छता के प्रति बहुत सचेत होती हैं, और स्वच्छ रहना पसंद करती हैं। उन्हें अपने फर को चाटते और साफ करके खुद को संवारने में घंटों बिताते देखा जा सकता है। उनकी जीभ उन्हें गंदगी साफ करने और उनके बालों को सुलझाने में मदद करती है।

यह वही आदत है जो उन्हें कुछ लोगों का पसंदीदा पालतू जानवर बनाती है, जो कुत्तों जैसे कुछ अन्य पालतू जानवरों की अशुद्ध रहने की आदतों को बर्दाश्त नहीं कर सकते। शायद इसीलिए बारिश के दिनों में भी बिल्लियाँ बदबू नहीं मारती हैं।

हालांकि उनकी इस आदत का एक साइड-इफेक्ट या नुकसान भी है। अपने फर को चाटते समय वे अनजाने में अपने कुछ बाल भी खा जाती हैं। यह बाल उनके पेट में कई दिनों तक जमा होते रहते हैं, जब तक वो एक दिन उलटी नहीं कर देतीं।

इसके अलावा, बिल्लियाँ अन्य बिल्लियों और अपने बच्चों को भी बहुत चाटती हैं। तो, अनजाने में बिल्लियाँ हर दिन बहुत सारे बाल निगल जाती हैं।

यद्द्पि यह समस्या सभी प्रकार की बिल्लियों के साथ होती है, लेकिन लंबे बालों और घने फर कोट वाली बिल्लियों को इस समस्या का अधिक सामना करना पड़ता है।

क्या बाल खाने से बिल्लियों को नुकसान हो सकता है?

जब वे बालों की गेंद को बाहर निकालने की कोशिश करती हैं, तो बिल्लियाँ थोड़ी तकलीफ में तो दिखती ही हैं। लेकिन क्या यह उनके जीवन के लिए खतरा साबित हो सकता है, या यह कुछ स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है?

नोट

कई बार, निष्कासित बाल गेंद के आकार में नहीं होंगे, बल्कि एक लम्बे हॉट डॉग के आकार में हो सकते हैं। इन बालों के गुच्छों (हेयरबॉल्स) का तकनीकी नाम Trichobezoar (ट्राइकोबेजोर) है।

सामान्य तौर पर, यह चिंता का विषय नहीं होता है। बिल्लियाँ इन सारे बालों को अपने मल के रास्ते बाहर निकाल देती हैं। और कभी-कभी वे उन्हें हेयरबॉल के रूप में उल्टी कर देती हैं।

परन्तु, कभी-कभी ये सारे बाल उनके द्वारा खाए गए भोजन के साथ मिल जाते हैं और उनके पाचन तंत्र को अवरुद्ध कर देते हैं। ऐसे मामलों में आपकी बिल्ली कुछ ऐसे लक्षण दिखाएगी जिन्हें समझना बहुत आसान है:

  • सबसे स्पष्ट लक्षण उसका उल्टी करने की कोशिश होगी।
  • लगातार खांसी या खर्र-खर्र की आवाज निकालना। कुछ दुर्लभ मामलों में, अगर तत्काल देखभाल नहीं की गई तो वे दम भी तोड़ सकती हैं।
  • वे अपनी भूख खो सकती हैं, और/या सुस्त महसूस हो सकती हैं।
  • बेचैनी, दस्त, कब्ज, आदि के लक्षण।

अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो यह गंभीर साबित हो सकता है। उदाहरण के लिए, बाल उनकी आंत को भी अवरुद्ध कर सकते हैं। आंतों की रुकावट मल के सुचारू मार्ग को अवरुद्ध या बाधित कर सकती है, और इससे उन्हें अत्यधिक दर्द हो सकता है। यह दुर्लभ है लेकिन जल्द से जल्द इसका इलाज किया जाना चाहिए। यह एक आपात स्थिति है और बहुत जल्द जीवन के लिए खतरा साबित हो सकती है। उन्हें तुरंत पशु चिकित्सक के पास ले जाएं। प्रतिक्षा ना करें।

चेतावनी

हालांकि, कुछ बिल्लियों को अस्थमा या सांस लेने में कोई अन्य समस्या हो सकती है। इससे उन्हें खांसी हो सकती है।

इसके अलावा, हेयरबॉल से बिल्ली को महीने में एक या दो बार उल्टी हो सकती है; शायद सप्ताह में एक बार, इससे अधिक नहीं। यदि आपकी बिल्ली अधिक बार उल्टी कर रही है और हेयरबॉल के अलावा अन्य चीजें भी बाहर आ रही हैं, तो पशु चिकित्सक से परामर्श करें। वह शायद किसी और बीमारी से पीड़ित है।

सुनिश्चित करें कि आप और आपके पशु चिकित्सक सटीक कारण खोजने के लिए बिल्ली की निगरानी और जांच करें। पालतू जानवरों की समस्याओं का गलत निदान एक बड़ी समस्या है।

तो, अब हम बिल्लियों के अपने बालों को निगलने के कारणों और इसके संभावित नतीजों को जानते हैं। अब इसके समाधान पर कुछ प्रकाश डालते हैं।

बिल्लियों की बालों की उलटी रोकने के उपाय

कुछ तरीके और तरकीबें हैं, जिनका उपयोग करके हम इस हेयरबॉल समस्या को हल कर सकते हैं।

निवारक तरीके

खैर, एहतियात सबसे अच्छा इलाज होता है। इसलिए, हमारा पहला उद्देश्य यह होना चाहिए कि हम इस समस्या को उत्पन्न ही न होने दें, या कम से कम इसकी पुनरावृत्तियों को कम करें।

नियमित रूप से देखभाल करना

हमें अपनी बिल्लियों को नियमित रूप से नहलाना और ब्रश करना चाहिए। यह उनके फर से सारे मृत बाल और ढीले बालों को हटा देगा।

आपको इसे उस मौसम में और भी ज्यादा करना चाहिए जब वे बाल झाड़ती हैं। इससे उनकी हेयरबॉल की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

साथ ही, अगर वे साफ महसूस करेंगी और उनके बाल सुलझे रहेंगे, तो उन्हें दिन भर अपने फर को चाटने की उतनी जरूरत महसूस नहीं होगी।

अच्छा आहार

बिल्ली के बालों पर आहार का बहुत प्रभाव पड़ता है। इसलिए उन्हें ऑर्गेनिक, प्राकर्तिक और सेहतमंद खाना दें। यह उनके फर को स्वस्थ बनाएगा। यह भी सुनिश्चित करें कि उन्हें अपने आहार में पर्याप्त फाइबर मिले, जिससे उन्हें मल और बालों को आसानी से निकालने में मदद मिलेगी।

आप बिल्लियों के स्वस्थ आहार के लिए इंटरनेट पर कुछ शोध कर सकते हैं, या आप इस उद्देश्य के लिए पशु चिकित्सक से भी सलाह ले सकते हैं, खासकर यदि आप उसे घर का बना खाना खिला रहे हैं।

तेल का सेवन बिल्ली की त्वचा के लिए अच्छा होता है। तो, आप उनके आहार में एक बड़ी चम्मच मछली का तेल या जैतून का तेल (olive oil) शामिल कर सकते हैं। यह उनके पाचन में भी मदद करेगा, और मल त्याग को सुचारू करेगा।

माल्ट पेस्ट

माल्ट पेस्ट (Malt Paste) को हेयरबॉल संचय को रोकने, और मल और बालों को आंतों से आराम से निकालने के लिए एक बहुत अच्छा उपाय माना जाता है। आप इसे सीधे उन्हें खिला सकते हैं, या उनके फर कोट पर लगा सकते हैं, जहाँ से वो उसे चाट लेंगी।

समस्या समाधान के तरीके

लेकिन क्या होगा अगर सब कुछ करने के बाद, हम अपनी बिल्ली को हेयरबॉल से संबंधित समस्याओं का सामना करते हुए देखें। एक बार इस समस्या के प्रकट होने के बाद, हम इसे हल करने के लिए क्या कर सकते हैं?

दवाई

बाजार में कई हेयरबॉल फॉर्मूला कैप्सूल हैं। वे फर की गुणवत्ता, या फाइबर को बढ़ाकर हेयरबॉल समस्या को कम करते हैं और इसलिए बिल्लियों के लिए अपने मल के माध्यम से बालों को निकालना आसान बनाते हैं। किसी पशु चिकित्सक से परामर्श लें, और अपनी बिल्ली के लिए सबसे अच्छी गुणवत्ता की दवा लें।

कुछ दवाएं वैसलीन या रेचक की प्रकर्ति की होती हैं, जो हेयरबॉल को फिसलन भरा बना देती हैं। यह बिल्ली को आसानी से हेयरबॉल निकालने में मदद करता है। लेकिन कई विशेषज्ञों ने उनकी प्रभावशीलता पर सवाल उठाया है। यह काम कर भी सकता है और नहीं भी।

वैसे भी, आपको दवाओं के लिए तभी जाना चाहिए जब आपकी बिल्ली को गंभीर या लगातार बालों की समस्या का सामना करना पड़ रहा हो। हमें जहां तक संभव हो, अधिकांश चिकित्सा मुद्दों के लिए जैविक और प्राकृतिक तरीकों को अपनाने का प्रयास करना चाहिए।

नोट

अगर आपकी बिल्ली बहुत परेशानी में है, तो उसे जल्द से जल्द पशु चिकित्सक के पास ले जाएं। उदाहरण के लिए, यदि आपकी बिल्ली बिना हेयरबॉल उगले, लंबे समय से खांस रही है, उल्टी कर रही है, गैगिंग कर रही है, तो इसका मतलब है कि शायद बाल उसके अंदर फंस गए है। दुर्लभ मामलों में, यह समस्या जानलेवा साबित हो सकती है।

अंतर्निहित कारणों का इलाज

कभी-कभी, अत्यधिक चाटना और उसके बाद बिल्ली के पेट में बालों का जमा होना एक अन्य अंतर्निहित बीमारी का लक्षण हो सकता है।

यदि आपकी बिल्ली चिंतित रहती है, या किसी प्रकार के दर्द में है, तो वह अपने फर को बार-बार चाट सकती है, अर्थात यह अपने मन को अन्य परेशान करने वाले कारकों से हटाने के लिए अत्यधिक आत्म-संवारने की गतिविधि में लिप्त होगी।

यहां तक कि बोरियत भी इसका कारण बन सकती है। बिल्लियाँ सक्रिय प्राणी हैं और जब उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं होता है, तो वे उस समय को खुद को सँवारने में लगा सकती हैं। शायद यही वो कारण है, जिसकी वजह से बाहरी आवारा बिल्लियों की तुलना में घरेलु बिल्लियों में हेयरबॉल उल्टी की समस्या अधिक पाई जाती है।

कभी-कभी, त्वचा की कोई समस्या या पिस्सू उन्हें बार-बार चाटने के लिए मजबूर कर सकते हैं।

आपको इन समस्याओं को पहचानने और उन्हें अतिशीघ्र सुधारने की आवश्यकता होगी। सुनिश्चित करें कि आपकी बिल्ली को एक स्वच्छ जीवन शैली मिले, और वह तनावग्रस्त न रहे।

बालों का गुच्छा गले में अटक जाये तो क्या करें?

कभी-कभी, बिल्लियों के लिए उल्टी करना या बालों का गुच्छा (हेयरबॉल) निकालना वाकई मुश्किल साबित हो सकता है। यह उनके गले में फंस सकता है।

कभी-कभी, उनका दम घुटना शुरू हो सकता है। ऐसे मामलों में हमारे पास उन्हें पशु चिकित्सक के पास ले जाने का समय भी नहीं होता है। यह एक चरम आपात स्थिति है। ऐसे मामलों में हम उनकी क्या मदद कर सकते हैं?

ऐसे मामलों में:

  • आपको बिल्ली को कसकर पकड़ना चाहिए, ताकि वो इधर-उधर भागे नहीं।

  • उनका मुंह खोलकर देखें कि कहीं कोई रुकावट तो नहीं है। हो सके तो उसे हाथ से निकालने की कोशिश करें। परन्तु, गलती से और गबराहट में उनके शरीर के अंगों को बाहर निकालने न लग जाएं!

  • आप उनके पेट पर भी दवाब बना सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे हम तब करते हैं जब किसी इंसान का दम घुट रहा होता है। एक मुट्ठी बनाएं, और इसे पसलियों के ठीक नीचे रखकर “अंदर और ऊपर” की ओर धकेलें (मुट्ठी का नरम हिस्सा पेट को छूना चाहिए, पोर नहीं)। हालांकि, इस प्रक्रिया में उन्हें मुक्का न मारें।

  • बीच-बीच में अपनी बिल्ली का मुंह चेक करते रहें। यदि कोई बाधा दिखाई दे, तो उसे हटा दें। अपने हाथ या किसी उपकरण का प्रयोग करें (पर वह तेज धार वाला नहीं होना चाहिए)। लेकिन अगर आपको कुछ नहीं दिखता है, तो बहुत ज्यादा छेड़खानी न करें। तुरंत पशु चिकित्सक के पास जाएं।

अगर उपरोक्त कदम काम करते भी हैं, तो भी बिल्ली को पशु चिकित्सक के पास अवश्य ले जाएं। यह सामान्य स्थिति नहीं है और फिर से प्रकट हो सकती है। तो, आपको इस समस्या को अपने पशु चिकित्सक के साथ साझा करने और अपनी बिल्ली का उचित निरीक्षण करवाने की आवश्यकता है।

इसके अलावा, यह भी हो सकता है कि आपके प्रयासों (जैसे पेट पर जोर) ने बिल्ली को थोड़ी-बहुत चोट पहुंचाई हो, और पशु चिकित्सक को यह भी जांचना चाहिए।

ध्यान दें

जब आप बिल्ली को उपरोक्त प्राथमिक उपचार दे रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि आपके परिवार में कोई या आपका मित्र पशु चिकित्सक को बुला ले। या आदर्श रूप से बिल्ली को अपनी कार में रखें और पशु चिकित्सक के पास जाते समय यह प्राथमिक उपचार दें। अगर आप अपने प्रयासों में असफल हो जाते हैं, तो संभवतः यह आपकी बिल्ली के जीवन को बचा सकता है।

एक योजना के असफल होने की संभावना को ध्यान में रखकर, एक दूसरी योजना पर भी काम करना समझदारी भरा कदम है!

Share on:
comments powered by Disqus