post-thumb

क्या एक्वेरियम में मछली रखना क्रूरता है?

पशु प्रेमियों के रूप में, हम जानवरों को खुश और स्वस्थ देखना पसंद करते हैं। लेकिन हम उनमें से कुछ को अपने पास रखना भी पसंद करते हैं। अपने पसंदीदा पालतू जानवरों के साथ समय बिताना हमें खुश करता है, चाहे वह कुत्ते हों, बिल्लियाँ हों या मछलियाँ।

हालाँकि, यह एक नैतिक प्रश्न भी उठाता है - क्या ये जानवर भी खुश हैं? या हम उन्हें केवल अपनी खुशी के लिए छोटी-छोटी जगहों तक सीमित कर रहे हैं? क्या यह हमें अनजाने में पशु क्रूरता के कृत्य में लिप्त होने वाले लोगों की श्रेणी में नहीं डाल देगा?

अधिकांश अन्य पालतू जानवरों की तुलना में मछलियों के मामले में ये नैतिक प्रश्न अधिक प्रासंगिक हैं। हाँ, हम कुत्तों, बिल्लियों, तोतों को भी सीमित स्थानों तक ही सीमित रखते हैं। लेकिन उनमें से कई सदियों से पालतू बनाए गए हैं। इतना अधिक, कि उनमें से कुछ जंगल में अपने दम पर कुशलता से जीवित भी नहीं रह सकते। इसके अलावा, हम उन्हें बाहर निकालते हैं, और उन्हें खेलने के लिए विशाल स्थान देते हैं। ये दोनों बिंदु सामान्य रूप से मछलियों के मामले में लागू नहीं होते हैं।

एक्वेरियम में हम जो मछलियां रखते हैं उनमें से ज्यादातर को नदी/तालाब से पकड़ा जाता हैं। वे नदी/तालाब में भी बहुत अच्छी तरह से जीवित रह सकती हैं। और हमारे एक्वैरियम का आकार, चाहे वह कितना भी बड़ा हों, उस अनंत स्थान से मुकाबला नहीं कर सकता हैं जिसका ये मछलियां नदी/तालाब में आनंद उठाती हैं।

ये कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण प्रश्न हैं जो कई पशु प्रेमियों को परेशान करते हैं। इस लेख में, हम दार्शनिक, नैतिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण से इनका उत्तर खोजने का प्रयास करेंगे। पढ़ते रहिये!

Table of Contents
  • क्या मछलियों को फिश टैंक में रखना नैतिक है?
  • क्या मछली को कटोरे में रखना क्रूरता है?

क्या मछलियों को फिश टैंक में रखना नैतिक है?

खैर, इसका कोई सीधा-सीधा, हां या ना में कोई जवाब नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह के मछलीपालक हैं और आप किस तरह की मछलियां पाल रहे हैं।

आपके पास कौन सी नस्ल की मछली है?

कुछ मछलियाँ ऐसी होती हैं जो मानव निर्मित होती हैं, और मछली की टंकियों में ही पैदा हुई होती हैं। उदाहरण के लिए, Goldfishes मानव निर्मित मछलियाँ हैं। वे नदी/तालाब में जीवित रहने में शायद बहुत सफल न हों; वे शायद चोटिल कर दी जाएंगी या किसी शिकारी द्वारा खा ली जाएंगी। ऐसे में उन्हें एक्वेरियम में रखना ही उनके लिए बेहतर रहेगा।

हम अन्य पालतू जानवरों के मामले में भी ऐसे कई उदाहरण पा सकते हैं। उदाहरण के लिए, घरेलू सफेद खरगोश जंगल में अच्छी तरह से जीवित नहीं रह सकते हैं। इसी तरह, कुछ कुत्तों की नस्लें जैसे पोमेरेनियन, इंडियन स्पिट्ज, शिह त्ज़ु, आदि और कुछ तोते की नस्लें जंगल में अच्छी तरह से जीवित नहीं रह सकती हैं। ये पीढ़ियों से घरेलू पशुओं के रूप में पैदा होते और प्रजनन करते रहे हैं। इसलिए, उनके पास जंगल में जीवित रहने का कौशल कदाचित अब नहीं है।

इसलिए, कुछ मछलियों को एक्वेरियम में रखना क्रूरता के बजाय सहानुभूति और देखभाल का कार्य है। वे शायद कुछ दिनों भी नदी/तालाब में जीवित न रह पाएं।

आप किस तरह के मछलीपालक हैं?

मछली की नस्ल के अलावा, आपको यह भी जानना होगा कि आप किस तरह के मछलीपालक (एक्वाइरिस्ट, aquarist) हैं।

  • क्या आप मछलियों को इसलिए रखते हैं क्योंकि आप उन्हें पालतू जानवर के रूप में प्यार करते हैं, या सिर्फ सजावट के उद्देश्य से?

  • क्या आप मछलियों की उचित देखभाल करते हैं? - नियमित रूप से उनका पानी बदलना, उन्हें उचित भोजन देना, उनके फिल्टर, हीटर, आदि का ध्यान रखना।

  • क्या आप सुनिश्चित करते हैं कि जब आप छुट्टी पर जाएं, तो कोई उनकी देखभाल करे?

  • क्या आप उन्हें नियमित जांच के लिए पशु चिकित्सक के पास ले जाते हैं?

यदि आप एक अच्छे और जिम्मेदार मछलीपालक हैं, तो शायद आपकी मछलियाँ नदी/तालाब की तुलना में आपके साथ रहने में बेहतर रहेंगी। आखिरकार, मछली की टंकियों में मछलियाँ जंगल की तुलना में अधिक सुरक्षित होती हैं। जंगली मछलियों पर विभिन्न शिकारियों द्वारा हमला किया जाता है, उन्हें भोजन आदि के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

सुनिश्चित करें कि आप केवल संगत मछलियों (compatible fishes) को एक साथ रखते हैं। यदि आप नहीं जानते कि कौन सी मछलियाँ एक-दूसरे के अनुकूल हैं, तो आप हमारे इस लेख को पढ़ सकते हैं।

और यदि आपके पास एक ठीक-ठाक आकार का एक्वेरियम है (कम से कम 3 फीट या उससे बड़ा), जिसमें लगभग वैसी ही स्थितियाँ हैं (pH लीवर, तापमान, पौधों, प्रकाश व्यवस्था, आदि) जो मछलियों को नदियों/तालाबों में मिलती हैं, तो वे एक्वेरियम में बहुत आराम से रहेंगी। एक्वेरियम की लंबाई उस मछली के आकार की कम-से-कम 6 से 8 गुना होनी चाहिए, जिसे आप उसमें रख रहे हैं।

और याद रखें कि मछलियाँ आकार में बढ़ती हैं। तो, समय के साथ आपको अपनी मछलियों को बड़े आकार के एक्वेरियम में स्थानांतरित करना पड़ सकता है। कुछ लोग घबरा जाते हैं अगर उनकी मछलियां बहुत बड़ी हो जाती हैं, और फिर उन्हें स्थानीय तालाबों और नदियों में छोड़ देते हैं। एक मछली जो एक मछली टैंक में पैदा हुई थी और अपना सारा जीवन वहीं बिताई है, शायद वन्य जीवन के साथ तालमेल बिठाने में सक्षम न हो, और मर जाए। यह निश्चित रूप से क्रूरता का कार्य है। हमें अपने पालतू जानवरों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए!

इसलिए, सुनिश्चित करें कि आप मछलियों को रखना शुरू करने से पहले अच्छे से शोध करते हैं, और यह सुनिश्चित करने के लिए गहरा आत्मनिरीक्षण भी करते हैं कि आप इस दीर्घकालिक जिम्मेदारी को लेने के लिए तैयार भी हैं, या नहीं। मछलियों के बारे में पढ़ें, नस्ल-विशिष्ट विवरण (वह मछली क्या खाती है, उसकी अपेक्षित जीवन अवधि, आदि), उनकी देखभाल कैसे करें, विभिन्न प्रकार के एक्वैरियम का पता लगाएं, आदि। विभिन्न लेख ऑनलाइन पढ़ें, YouTube वीडियो देखें, स्थानीय पालतू जानवरों की दुकान में लोगों से बात करें, आदि। यह सब कम से कम 4-5 महीने तक करें, इससे पहले कि आप अपनी पसंद की मछली की नस्ल प्राप्त करें।

और याद रखें, आधा-अधूरा ज्ञान खतरनाक हो सकता है!

मछली की उम्र

अपने एक्वेरियम के लिए हमेशा छोटी उम्र की मछलियाँ लें। बच्चे अपने पर्यावरण के अनुकूल ढलने के मामले में ज्यादा लचीले और बेहतर होते हैं। एक ऐसी मछली जो किसी मछली टैंक में पैदा हुई थी, एक दूसरी मछली की तुलना में आपके टैंक में अधिक आरामदायक महसूस करेगी, जो जंगल से पकड़ी गई और फिर बाद में मछलीघर में रखी गई थी।

एक वयस्क जंगली मछली को पकड़ना और उसे किसी मछलीघर के एक छोटे से सीमित स्थान में रहने के लिए मजबूर करना क्रूरता का कार्य माना जा सकता है। एक मछली जिसे किलोमीटर तक यात्रा करने की आदत है, उसे 2-3 फीट के एक्वेरियम में घुटन महसूस हो सकती है। ऐसी मछलियां बीमार हो सकती हैं और जल्द ही मर सकती हैं।

आप मछलियों को जोड़े में रख रहे हैं या नहीं?

यदि आप कोई पालतू जानवर पाल रहे हैं, तो उसे प्रजनन का अवसर भी प्रदान करें। मछलियों को जोड़े में न रखना क्रूरता का कार्य है। वास्तव में, किसी भी पालतू जानवर को अकेले रखना, दोस्तों या साथी के बिना, क्रूरता का कार्य है, चाहे यह देखने में ऐसा न लगे। वे ऊब जाएंगे और दुखी रहेंगे।

अधिकांश मछलियाँ सामुदायिक जानवर होती हैं, और इसलिए वे अकेले रहने से नफरत करती हैं। लेकिन यह गुण एक मछली से दूसरी मछली में थोड़ा भिन्न हो सकता है। तो, अपना शोध अच्छे से करें, उनको जाने।

इसके अलावा, सुनिश्चित करें कि आप एक्वेरियम में अधिक भीड़ न लगाएं। अति किसी भी चीज की बुरी साबित हो सकती है।

उम्मीद है, हमने अपने प्रश्न का उत्तर दे दिया है, अधिकांश नैतिक या व्यावहारिक पहलुओं से। तो, अब आप निम्नलिखित संबंधित प्रश्नों के उत्तर भी दे सकते हैं, जैसे:

  • क्या टैंक में मछलियाँ खुश रहती हैं ?, या
  • क्या मछलियाँ टंकियों में ऊब जाती हैं?

लेकिन एक सवाल अभी बाकी है।

क्या मछली को कटोरे में रखना क्रूरता है?

खैर, जब हम इस प्रश्न का उत्तर दे रहे थे, कि - “क्या हमें मछलियों को एक्वैरियम में रखना चाहिए?”, तो हम कुछ अस्पष्ट थे| पर यहाँ आपको एक स्पष्ट उत्तर मिलेगा।

हाँ बिलकुल! Fish Ethics

कई मछली मालिक, विशेष रूप से बच्चे जो पहली बार मछली के मालिक बनते हैं, बाजार से एक सस्ता मछली का कटोरा (fish bowl) प्राप्त करते हैं और अपना शौक शुरू कर देते हैं। आम तौर पर, यह काम Goldfishes के साथ ही किया जाता है। किसी भी मछली को इतने सीमित स्थान में सीमित रखना बिल्कुल अनैतिक है। यह उस मछली को जेल में बंद करने जैसा ही नहीं है, बल्कि उसे एकांत कारावास में एक छोटी सी कोठरी में रखने के समान है। बिल्कुल अमानवीय और अनैतिक!

इसलिए, यदि आप एक ऐसे बच्चे हैं जिसके पास किसी कटोरे में मछली है, या आप ऐसे बच्चे के माता-पिता हैं, तो इस स्थिति में शीग्रताशीघ्र सुधार करें। एक अच्छे, बड़े आकार का एक्वेरियम प्राप्त करें, और अपनी मछली को वहाँ स्थानांतरित करें। उसे कुछ जगह दीजिये, खुश रहने दीजिये। आखिर क्या हम सभी यह नहीं चाहते कि हमारे पालतू जानवर सदैव खुश रहें?

Share on:
comments powered by Disqus