post-thumb

मछली को क्या खिलाएं ? (machli ko kya khilaye?)

तो, आपने अपना पहला मछलीघर खरीद लिया। बधाई हो!

लेकिन अब आप सोच रहे हैं कि अब आपके घर पर मौजूद इन मछलियों को क्या खिलाना चाहिए। यदि आपका मछलियों के साथ कोई पुराना अनुभव नहीं है, तो निश्चित रूप से आपको इसके बारे में कुछ भी पता नहीं होगा।

चिंता मत करिये! हम इस लेख में मछली आहार से संबंधित आपके सभी सवालों के जवाब देने की कोशिश करेंगे।

Table of Contents (in Hindi)
  • मछली को क्या खिलाना है?
  • मछलीघर में भोजन कैसे वितरित करें?
  • मुझे अपनी मछली को कितनी बार खिलाना चाहिए?

मछली को क्या खिलाना है? (machli ko kya khilaye?)

हमारे लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि हमारी मछली किस तरह का भोजन खाती है। क्योंकि, विभिन्न मछलियाँ विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ खाती हैं। कुछ मछलियाँ शाकाहारी होती हैं, कुछ सर्वाहारी, कुछ मछलियाँ सिर्फ शैवाल खाती हैं, कुछ झींगे आदि खाती हैं| लेकिन ज़्यादातर मछलियाँ सर्वाहारी ही होती हैं, यानी वो शाकाहारी और माँसाहारी दोनों तरह के भोजन ग्रहण कर लेती हैं।

हमारा उद्देश्य यह होना चाहिए कि हम अपनी मछलियों को उसी तरह का आहार दें, जैसा वह समुद्र या नदी में खाती हैं। यदि आपको नहीं पता कि आपकी मछली खुले पानी में क्या खाती है, तो कुछ ऑनलाइन शोध करें या किसी विशेषज्ञ से पूछें। यह आवश्यक है कि आप अपनी मछली के प्राकृतिक आहार को समझें।

एक्वेरियम में खाना = प्रकृति में भोजन

यदि आपकी मछली मानव निर्मित है, जैसे की गोल्डफिश, तो आपको यह पता लगाना होगा की उसके निकटतम रिश्तेदार प्रकर्ति में क्या खाते हैं (जैसे कार्प, गोल्डफिश के रिश्तेदार हैं)।

यदि आप बाजार से भोजन खरीद रहे हैं, तो पैकेट में उन मछलियों का उल्लेख होगा जो उस भोजन को खाती हैं या पैकेट में आपकी मछली की तस्वीर होगी।

इसके अलावा, हमें यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि उन्हें सभी विटामिन और खनिज मिलें, जिनकी उन्हें ज़रूरत है। इसलिए, जब आप अपनी मछली के लिए भोजन खरीदते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए :

प्रोटीन आहार

अधिकांश मछलियाँ मांसाहारी भोजन खाना पसंद करती हैं, जैसे की झींगा (चिकन और पोर्क नहीं!)। यानी उन्हें प्रोटीन युक्त खाना खाना पसंद है।

जब आप मछली के लिए खाना खरीदते हैं, तो उसमें उपस्थित प्रोटीन का पता करें। यदि प्रोटीन प्रतिशत 40% या उससे अधिक है, तो यह खाना अच्छा है।

प्रोटीन युक्त भोजन थोड़ा महंगा होगा, लेकिन यह आपकी मछली के लिए अच्छा होगा और इससे फिश टैंक भी ज्यादा साफ़ रहेगा। उच्च प्रोटीन आहार मछली द्वारा अधिक कुशलता से पचा लिया जाता है, और गन्दगी कम होती है।

चेतावनी

हालांकि, यह बहुत कम ही होता है कि मछली को कुछ नया खाने से नुकसान हो, लेकिन यह कुछ मामलों में देखा गया है। उदाहरण के लिए, African Cichlids केवल शैवाल खाते हैं। यदि आप उन्हें बहुत सारा प्रोटीन खिलाते हैं, तो वे फूल जाते हैं और मर भी सकते हैं। वे प्रोटीन को पचा नहीं पाते हैं और इससे उनके आंत में बहुत अधिक बैक्टीरिया का उत्पादन होता है।

लेकिन सामान्य रूप से मछलियां, चाहे वह उष्णकटिबंधीय मछली हों, या खारे पानी की मछली हों, विभिन्न प्रकार के भोजन से लाभ उठाती हैं। अतः, आपको बहुत ज्यादा चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Ash (ऐश)

भोजन आहार में ऐश जितना संभव हो उतना कम होना चाहिए।

जिंदा भोजन

पैकेट में सूखे भोजन के अलावा, अपनी मछली को कुछ जीवित खाद्य पदार्थ भी खिलाएं| उदाहरण के लिए ब्लड वर्म्स, छोटी मछलियां, झींगें आदि। आपकी मछली कौनसा ज़िंदा भोजन ग्रहण करेगी, यह उसकी नस्ल पर निर्भर करेगा। लेकिन याद रखें कि, यदि आप अपनी मछली को ज़िंदा भोजन खिलाते हैं, तो आपके मछली का टैंक बहुत जल्दी गंदा हो जाया करेगा।

भोजन की गोलियों का आकार

मछली के खाने की गोलियों का आकार, आपकी मछली के आकार के अनुसार होना चाहिए। यदि आपके पास एक छोटे आकार की मछली है, तो बड़े आकार की गोलियों को न खरीदें। मछली के खाने की गोलियां, आपके मछली के मुंह में आसानी से आ जानी चाहियें|

  • AP-1 - छोटी मछली और मछलियों के बच्चों के लिए
  • AP-2 - थोड़ी बड़ी मछलियों के लिए
  • AP-3 - बड़ी मछलियों के लिए

हार्मोनल भोजन

बाजार में कई हार्मोनल खाद्य पदार्थ उपलब्ध हैं, जो आपकी मछली को अधिक रंगीन बना सकते हैं या उसके सिर को बड़ा कर सकते हैं, इत्यादि। मुझे व्यक्तिगत रूप से यह पसंद नहीं है। लेकिन अगर आप ऐसे खाद्य प्रदार्थ अपनी मछलियों को खिलाते हैं, तो कृपया इसे हद से ज्यादा ना करें। आप अपनी मछली को एक-आध बार ऐसे खाद्य पदार्थ खिला सकते हैं, लेकिन उन्हें नियमित रूप से अन्य पौष्टिक भोजन भी दें।

मछलीघर में भोजन कैसे वितरित करें? (machli ghar mein khana kaise batein?)

इनके अलावा, आपको फिश टैंक में खाना डालते समय निम्नलिखित बातों का भी ध्यान रखना चाहिए, ताकि सभी मछलियों को अपना हिस्सा मिल सके।

तैरने वाले और डूबने वाले खाद्य प्रदार्थ

हम जानते हैं कि हमारे पास दो प्रकार की गोलियाँ होती हैं:

  • पानी में तैरने वाली मछली की गोलियाँ
  • पानी में डुबने वाली मछली की गोलियाँ

हमें दोनों का उपयोग करना चाहिए। कुछ मछलियाँ मछली के टैंक में नीचे की ओर रहती हैं, और अक्सर ऊपर तैरते खाने को खाने में चूक जाती हैं। इसलिए पानी में डुबने वाले खाने का भी प्रयोग करें, ताकि इन नीचे तैरने वाली मछलियों को भी अपना भोजन मिल सके।

बड़ी मछलियों की उपस्थिति में छोटी मछलियों को खिलाना

यह एक बहुत ही आम समस्या है, जिसका एक मछलीघर में कई मछलियों को दाना खिलाने के दौरान हम सभी का सामना करना पड़ता है। यदि मछली टैंक में छोटी मछलियों के साथ बड़ी मछलियाँ भी हैं, तो ज्यादातर बड़ी मछलियाँ ही भोजन के अधिकांश भाग को खा लेंगीं, यदि आप भोजन को केवल एक ही स्थान पर डाल रहे हैं।

आपको हमेशा खाना फ़ैला कर डालना चाहिए। एक तरफ बड़ी मात्रा में भोजन डालें, जो बड़ी मछलियों को आकर्षित करेगा। इसके बाद, जल्द ही टैंक में कहीं और कम मात्रा में मछली के भोजन को फैला दें, ताकि छोटी मछलियों को भी खाने का मौका मिल सके। या आप भोजन को फ़िल्टर के पास डाल सकते हैं, जो स्वचालित रूप से पूरे टैंक में भोजन को फैला देगा।

मुझे अपनी मछली को कितनी बार खिलाना चाहिए? (machli ko kitni baar khilana chahiye?)

यह अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों में से एक है - “मुझे मछली को दिन में एक बार या 2-4 बार खिलाना चाहिए?”

आइए इस सवाल का जवाब तलाशते हैं।

दिन में 2-4 बार खाना खिलाना बेहतर है

मछलियों को दिनभर खाना चाहिए होता है। इसलिए, हमें उन्हें दिन में दो से चार बार खिलाना चाहिए। यह उनके पाचन तंत्र के लिए बेहतर है।

मैं व्यक्तिगत रूप से अपनी वयस्क मछलियों को दिन में 2 बार, और हर एक बार में 4 दानों को खिलाता हूं। तो, इस प्रकार हर मछली एक दिन में 8 दाने खाती है। हालांकि, यह मात्रा हर मछली के लिए थोड़ा भिन्न हो सकती है।

लेकिन अगर आप मछली को दिन में कई बार खिला रहे हैं, तो यह सुनिश्चित करें कि आप निम्नलिखित बातों को ध्यान में रख रहे हैं:

  • अत्याधिक खिलाने से बचें। यदि आपको फिश टैंक में बचा हुआ भोजन दीखता है, तो आप अपनी मछलियों को जो भोजन खिला रहे हैं, उसकी मात्रा कम करें। अत्याधिक खाना न केवल मछलियों के लिए हानिकारक है, बल्कि यह टैंक को भी बहुत जल्दी गन्दा कर देता है।
    leftover food's ill-effects hindi

  • आप वयस्क मछलियों को दिन में 2 बार खिला सकते हैं। लेकिन फ्राई (यानी बेबी फिश) को हमें दिन में 3-4 बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खिलाना चाहिए।

क्या होगा अगर मैं दिन में केवल एक बार ही मछली को भोजन दे सकता हूं?

हम सभी के लिए दिन में 3-4 बार अपनी मछलियों को खिलाना संभव नहीं है। इसलिए कई लोग दिन में केवल एक बार ही उन्हें खाना खिलाते हैं। यहां तक ​​कि अधिकांश भारतीय विशेषज्ञ भी हमें दिन में केवल एक बार ही मछली को खिलाने का सुझाव देते हैं, क्योंकि बहुत से लोग कई बार खिलाने के नाम पर मछलियों को अत्यधिक खिला देते हैं।

एक और बात पर विचार करें, कि आप कितनी बार अपनी मछलियों के लिए पानी बदलते हैं। यदि आप हर दो सप्ताह में फिश टैंक का पानी बदलते हैं, तो आपको दिन में केवल एक बार अपनी मछली को खिलाना चाहिए। जितनी बार आप उन्हें खिलाएंगे, उतनी ही जल्द टैंक का पानी गंदा हो जाएगा।

हमें क्या पद्धति अपनानी चाहिए, अगर हम केवल एक बार भोजन दे रहे हैं? (fish ko kitna food dena chahiye?)

उन्हें उतना ही खाना खिलाएं, जितना वे चार या पांच मिनट में खा सकते हैं। टैंक में थोड़ा सा खाना डालें और फ़िल्टर को बंद कर दें (अन्यथा फ़िल्टर आपके द्वारा डाले गए भोजन को हटा देगा)। यदि वे पांच मिनट के भीतर सारा भोजन खा लेते हैं, तो आप उन्हें कुछ और भोजन दे सकते हैं।

आप जो भी दिनचर्या निर्धारित करते हैं, आपकी मछलियों को इसकी आदत हो जाएगी। इसलिए चिंता मत करिये।

इसके अलावा, आप चाहे उन्हें कितनी ही बार खिला रहे हों, हफ्ते में एक दिन उन्हें खाना ना दें। उन्हें कभी-कभी भूखा रहने दो। यह उपवास लंबे समय में उनके स्वास्थ्य के लिए अच्छा होगा, क्योंकि यह उनके पाचन तंत्र को आराम देगा। कभी-कभी खाने से ब्रेक लेना मनुष्यों के लिए अच्छा है और मछलियों के लिए भी अच्छा है।

चेतावनी

यदि आप यह सोच रहे हैं, कि मछलियां अधिकतम कितने दिन भोजन के बिना आसानी से रह सकती हैं, तो यह कई चीज़ों पर निर्भर करता है।

  • यदि आपके पास पौधों वाला मछली का टैंक है, तो आपकी मछलियां 5-6 दिनों तक जीवित रह सकती हैं, अगर आप उन्हें इस बीच कुछ भोजन ना दें तो भी। ऐसा इसलिए है क्योंकि मछलियों को हमेशा इन पौधों में कुछ कीड़े और झींगों के बच्चे मिल जाते हैं।

  • लेकिन बिना पौधों वाले टैंक में, मछलियाँ संभवतः 2-3 दिनों में ही मर जाएंगी।

यदि आप किसी यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी नितांत आवश्यक है।

Share on:
comments powered by Disqus