post-thumb

क्या कुत्ते के पिस्सू इंसानों के लिए हानिकारक होते हैं?

खैर, इस सवाल का कोई सीधा जवाब नहीं है। कुत्ते के पिस्सुओं (fleas) की अनेक किस्में है, जिनमे से कुछ कई परजीवियों को अपने अंदर रखती हैं। उनमें से कुछ निश्चित रूप से मनुष्यों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।

हम में से अधिकांश जानते हैं कि टिक्स (ticks) हानिकारक होते हैं, क्योंकि वे लाइम रोग (Lyme disease), एर्लिचियोसिस (Ehrlichiosis) और रॉकी माउंटेन बुखार (Rocky Mountain spotted fever) का कारण बनते हैं। लेकिन पिस्सू अक्सर हानिरहित लगते हैं, और इसलिए हम इनपर अक्सर ध्यान नहीं देते।

पिस्सुओं और टिक्स के बीच अंतर
  • टिक्स के 6-8 पैर होते हैं और ये अरचिन्ड (arachnids, संयुक्त-पैर वाले अकशेरुकी जानवरों का एक वर्ग) होते हैं। पिस्सू पंखहीन होता है और अपने 6 पैरों से कूद सकता है।

  • एक टिक विभिन्न मेजबानों पर रह सकता है, जबकि एक पिस्सू आम तौर पर अपने पूरे जीवन में एक ही मेजबान पर रहता है।

  • मादा पिस्सू अपने जीवनकाल में 1000-1200 अंडे दे सकती है, जबकि मादा टिक 8000-10000 अंडे दे सकती है।

इस लेख में, हम इस मुद्दे में गहराई से गोता लगाएंगे और देखेंगे कि कुत्ते के पिस्सू कितने जोखिम भरे हैं। हम यह भी देखेंगे कि इस स्थिति का समाधान कैसे किया जाए। हालांकि लेख का मुख्य ध्यान कुत्ते के पिस्सू पर है, लेकिन इसका अधिकांश हिस्सा अन्य पालतू जानवरों और टिक्स पर भी लागू होगा।

Table of Contents
  • कुत्तों को पिस्सू कैसे हो जाते हैं?
  • क्या कुत्ते के पिस्सू इंसानों पर रह सकते हैं?
  • क्या कुत्ते के पिस्सू के काटने से इंसान बीमार हो सकता है?
  • क्या बिल्ली और कुत्ते के पिस्सू एक जैसे होते हैं?

कुत्तों को पिस्सू कैसे हो जाते हैं?

कुत्तों को विभिन्न स्रोतों से पिस्सू मिलते हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में वे इसे अन्य जानवरों, विशेष रूप से अन्य कुत्तों से प्राप्त करते हैं। यदि आपका कुत्ता आवारा कुत्तों के साथ बहुत घुलमिल जाता है, तो यह निश्चित है कि उसे पिस्सू होंगे।

हालांकि, भले ही आप बहुत सतर्क हों और सुनिश्चित करें कि आपका कुत्ता/पिल्ला सबसे स्वच्छ वातावरण में रहे, फिर भी वह अपने जीवन में किसी बिंदु पर पिस्सू से पीड़ित हो ही जाएगा। आखिरकार, आप कुत्ते को हर समय घर के अंदर नहीं रोक सकते। वह अवश्य निकलेगा, मिटटी में लुढ़केगा, और पता नहीं क्या क्या।

इसलिए, यदि आप किसी कुत्ते के (या किसी भी पालतू जानवर के) मालिक हैं, तो आपको निश्चित रूप से इस मुद्दे का सामना कभी-न-कभी करना पड़ेगा।

लेकिन क्या कुत्ते के पिस्सू इंसानों को संक्रमित कर सकते हैं?

क्या कुत्ते के पिस्सू इंसानों पर रह सकते हैं?

हम में से अधिकांश लोग कुत्तों से प्यार करते हैं, लेकिन खुदके पिस्सू से संक्रमित होने के विचार से डरते हैं। निम्नलिखित में से कुछ प्रश्न पूछना बहुत स्वाभाविक है, खासकर यदि आप पहली बार कुत्ते के मालिक बने हैं:

  • क्या कुत्ते के पिस्सू कूदते हैं?
  • क्या कुत्ते के पिस्सू मानव रक्त पर जीवित रह सकते हैं?
  • क्या कुत्ते के पिस्सू इंसानों के बालों में रह सकते हैं?
  • कुत्ते के पिस्सू हमें काट लें तो हमें कौन-कौन से रोग हो सकते हैं?

खैर, कुछ कुत्ते के पिस्सू कूद सकते हैं और इसलिए वे हमें संक्रमित कर सकते हैं। ऐसा होने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है अगर हम अपने कुत्ते के साथ बहुत अधिक रहते हैं। यदि आप रात में अपने पालतू जानवर के साथ सोते हैं, तो ऐसा होने की संभावना अधिक होती है। उनके पिस्सू उनसे कूद सकते हैं, और स्वाद में बदलाव के लिए आपका खून चूस सकते हैं!

हालांकि, ऐसे ज्यादातर मामलों में आप सिर्फ बेचैनी और दर्द महसूस करेंगे। अधिक से अधिक, उनके काटने से कुछ दिनों के लिए आपकी त्वचा पर लाल चिकत्ते पड़ जाएंगे।

बस अपने कुत्ते को अच्छी तरह से नहलाना सुनिश्चित करें, और स्वयं भी अच्छे से स्नान करें। यह स्थिति जल्द ही अपने आप ठीक हो जाएगी।

कुत्ते के पिस्सू वैसे भी मानव शरीर पर रहना पसंद नहीं करते हैं। मेरे कुत्ते कभी-कभी पिस्सू से पीड़ित हो जाते थे, लेकिन मुझे कभी कोई पिस्सू समस्या नहीं हुई - कभी नहीं! भले ही मेरा कुत्ता हर समय मुझसे लिपटता रहता था।

पिस्सू को अपने अंडे छिपाने और रखने के लिए जानवरों के फर/बालों के सुरक्षात्मक आवरण की आवश्यकता होती है। अंडे देने के लिए उन्हें नियमित रूप से रक्त भोजन करना होता है - प्रत्येक दिन अपने शरीर के वजन का लगभग 10-15 गुना। कुछ दिनों के नियमित रक्त आहार के बाद ही मादा पिस्सू जानवरों की त्वचा या बालों पर अंडे देने में सक्षम हो पाती है। ये अंडे 3-14 दिनों में लार्वा बन जाते हैं, और फिर 5-10 दिनों में अपने चारों ओर एक कोकून का निर्माण करते हैं। फिर वो नए मेजबान का इंतजार करते हैं।

मनुष्यों के मामले में यह संभव नहीं है, क्योंकि हमारी त्वचा पर बहुत कम बाल होते हैं। इसके अलावा, अगर कोई पिस्सू हमें काटता है, तो हम अक्सर उसे तुरंत पहचान कर हटा देते हैं। परन्तु, अधिकांश जानवर अपने शरीर के हर हिस्से तक नहीं पहुंच सकते हैं, और इसलिए पिस्सू को हटा नहीं पाते।

पिस्सू, मेजबान के बिना कितने समय तक जीवित रह सकते हैं?

अगर कोई कुत्ते का पिस्सू अपने मेजबान से कूद जाता है, तो वह कितने समय तक जीवित रहेगा?

क्या कुत्ते के पिस्सू फर्नीचर या कपड़ों पर रह सकते हैं?

हाँ, पिस्सू मेजबान के बिना कुछ दिनों तक जीवित रह सकते हैं, जिस दौरान वे किसी नए मेजबान को संक्रमित करने की ताक में रहते हैं। वास्तव में, एक मादा पिस्सू 2-3 सप्ताह में एक हजार से अधिक अंडे दे सकती है। वे पालतू जानवरों से गिर जाते हैं, फिर लार्वा में बदल जाते हैं, और वयस्कों में परिवर्तित होने तक अपने चारों ओर एक कोकून का निर्माण कर लेते हैं। वे बिना भोजन के एक साल तक कोकून में रह सकते हैं।

वे तभी बाहर निकलते हैं जब वे रक्त भोजन के स्रोत अपने आस-पास भाँप लेते हैं, जैसे कंपन या कार्बन डाइऑक्साइड द्वारा।

आप उन्हें अपने लॉन, पेड़ों, झाड़ियों और यहां तक कि अपने घर के अंदर कालीन, फर्नीचर और कपड़ों में छिपे हुए पा सकते हैं।

हालांकि, कई पिस्सू और उनके लार्वा अक्सर जानवर के कूदते समय उससे गिर जाते हैं। इसलिए, आप उन्हें उन जगहों पर पाएंगे जहां आपके पालतू जानवर खेलते हैं या कूदते हैं। उदाहरण के लिए, बिस्तर के पास फर्श पर जहां पालतू जानवर बिस्तर या सोफे से नीचे कूदते हैं।

अगर आप बदकिस्मत हैं, तो आप कुत्ते के पिस्सू के काटने से हल्के बीमार हो सकते हैं। दुर्लभ मामलों में, यह अधिक घातक भी साबित हो सकता है।

क्या कुत्ते के पिस्सू के काटने से इंसान बीमार हो सकता है?

छोटा जवाब हां है!

हालांकि ज्यादातर मामलों में पिस्सू का काटना हानिरहित होता है, पर कुछ मामलों में यदि कुत्ते का पिस्सू आपको काटता है तो आप हल्के से बीमार हो सकते हैं। पिस्सू के काटने से होने वाली कई बीमारियाँ हैं, जिनमें से अधिकांश परजीवी प्रकृति की हैं।

कुत्ते के पिस्सू से मनुष्य को कौन-कौन से रोग हो सकते हैं?

आइए कुछ जूनोटिक रोगों (zoonotic diseases) की सूची बनाएं जो हमें कुत्ते-के-पिस्सू के काटने से हो सकते हैं:

  • एलर्जी (Allergy) - लाल त्वचा, अत्यधिक खुजली
  • टैपवार्म (Tapeworm) - यह परजीवी रोग अक्सर तब होता है जब कोई कुत्ता या बिल्ली टैपवार्म के अंडे वाले मल या धूल को निगल लेता है। कुछ पिस्सुओं के पेट में टैपवार्म के अंडे होते हैं और जब कोई पालतू जानवर अपने पिस्सू से पीड़ित शरीर के हिस्से को अपने मुंह से खरोंचता है, तो वह इनमें से कुछ पिस्सू और उनके अंदर रखे टैपवार्म अंडे का सेवन कर सकता है। बिल्लियों के मामले में यह समस्या अधिक होती है, क्योंकि वे कुत्तों की तुलना में अपनी सफाई बहुत अधिक करती हैं।
  • प्लेग (Plague) - बैक्टीरिया के कारण होता है
  • टाइफस (Typhus) - बैक्टीरिया के कारण होता है
  • बार्टोनेलोसिस (Bartonellosis)
  • यदि संक्रमण अधिक गंभीर हो, तो वे एनीमिया का कारण भी बन सकते हैं। लेकिन इंसानों में ऐसा होने की संभावना कम ही होती है। छोटे पिल्लों और बिल्ली के बच्चे के मामले में यह समस्या अधिक विकट होती है।
नोट

जब जूनोटिक रोगों (zoonotic diseases) की बात आती है, तो बिल्लियाँ कुत्तों से अधिक खतरनाक साबित होती हैं। बिल्ली से आपको होने वाली बीमारियों की सूची, कुत्ते से होने वाली बिमारियों की तुलना में अधिक लंबी और अधिक गंभीर होती है।

अपने कुत्ते के पिस्सू से संक्रमित होने, और बदले में उसके आपको संक्रमित करने के जोखिम को कम करने के लिए, आपको कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए:

  • अपने घर, पालतू जानवर, और खुद की सामान्य स्वच्छता सुनिश्चित करें।

  • अपने कुत्ते को मल, मिट्टी और ऐसे अन्य पदार्थ न खाने दें।

  • आदर्श रूप से, आपको अपने कुत्ते को आपको चाटने नहीं देना चाहिए, कम से कम अपने मुंह पर या ऐसी किसी भी जगह पर नहीं जहां आपकी त्वचा घायल हो।

  • अपने कुत्ते के साथ खेलने के बाद, अपने हाथों को कम से कम 2 बार अच्छी तरह से धोना सुनिश्चित करें।

नोट

यदि आप अपने पालतू जानवरों या अपने घर में व्याप्त पिस्सू संक्रमण के विभिन्न उपायों के बारे में जानना चाहते हैं, तो आप हमारे इस लेख को पढ़ सकते हैं।

क्या बिल्ली और कुत्ते के पिस्सू एक जैसे होते हैं?

सख्त तकनीकी शब्दों में, वे वास्तव में भिन्न होते हैं। बिल्ली के पिस्सू को केटेनोसेफलाइड्स फेलिस (Ctenocephalides felis) कहा जाता है, और कुत्ते के पिस्सू को केटेनोसेफलाइड्स कैनिस (Ctenocephalides canis) कहा जाता है।

लेकिन यह पहचानने के लिए कि कोई पिस्सू कुत्ते का पिस्सू है या बिल्ली का पिस्सू, आपको एक विशेषज्ञ होने और माइक्रोस्कोप जैसे उपकरणों के साथ एक प्रयोगशाला की आवश्यकता होगी।

लेकिन सभी व्यावहारिक उद्देश्यों के लिए वे समान ही होते हैं, क्योंकि उनमें से प्रत्येक कुत्ते और बिल्ली दोनों को संक्रमित कर सकता है। वास्तव में, उत्तरी अमेरिका में अधिकांश कुत्ते (और निश्चित रूप से बिल्लियाँ) बिल्ली के पिस्सू से ही पीड़ित हैं।

उपसंहार

तो, अब आप कुत्ते के पिस्सू के विभिन्न जोखिमों को जानते हैं। इस समस्या से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपने कुत्ते की उचित स्वच्छता बनाए रखें, और उसे आवारा कुत्तों के साथ न मिलने दें। यह लगभग वैसा ही है जैसा इंसानों के साथ होता है।

हालांकि ऊपर बताए गए कुछ रोग भयानक लग सकते हैं, लेकिन वे अत्यंत दुर्लभ हैं। जब तक आपके परिवार में कोई कमजोर प्रतिरक्षा वाला व्यक्ति न हो, तब तक अनावश्यक रूप से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

अपने पालतू जानवरों के साथ का आनंद लेने के लिए खुद को स्वतंत्र महसूस करें। बस सुनिश्चित करें कि आप नियमित रूप से उनकी देखभाल करते हैं।

नोट

मेरा कुत्ता अक्सर मेरे बिस्तर पर, मेरे पैरों के पास सोता है। कुत्ते झुंड के जानवर हैं, और वे अपने दोस्तों के साथ रहना पसंद करते हैं। यदि आप अपने कुत्ते के मालिक होने से ज्यादा उसके दोस्त हैं, तो वह आपके करीब रहना पसंद करेगा, और हर जगह आपका पीछा करेगा। पिस्सू के डर से आपको उसे अपने से दूर करने की जरूरत नहीं।

Share on:
comments powered by Disqus